सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
शहर के एक नंबर वार्ड के धर्मनगर इलाके में आग लगने से 16 घर पूरी तरह जल राख हो गए। आग शनिवार की सुबह करीब नौ बजे लगी। जानकारी के मुताबिक एक घर में लकड़ी के चूल्हे पर खाना बन रहा था। स्थानीय लोगों का दावा है कि आग पहले वहीं लगी। आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को अपने चपेट में ले लिया।
घटना के बाद आनन – फानन में इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की 3 इंजिन मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में 3 स्थानीय निवासी घायल हो गए। उन्हें सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया। आग में पांच गैस सिलेंडर फट गए। घटना की जानकारी मिलने पर पार्षद संजय पाठक भी मौके पर पहुंचे। बाद में नगर निगम के डिप्टी मेयर व मेयर परिषद मौके पर पहुंचे। वहीं आग लगने से दर्जनों लोग घर से बेघर हो गए हैं।