
सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
भक्तिनगर थाना क्षेत्र के शिमुलबाड़ी इलाके में एक व्यक्ति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। मृतक की पहचान राजकुमार बर्मन के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दस साल पहले मालबाजार की निवासी कल्पना राय की शादी डाबग्राम एक नंबर ग्राम पंचायत के शिमुलबाड़ी इलाके के निवासी राजकुमार बर्मन से हुई थी। शादी के कुछ दिनों के बाद से ही राजकुमार बर्मन और उसकी पत्नी कल्पना के बीच रिश्ते में मन मुटाव शुरू हो गया था। लेकिन किसी तरह वे साथ रह रहे थे। आरोप है कि मन मुटाव और रिश्ते में दरार बढ़ जाने के बाद राजकुमार बर्मन की पत्नी कल्पना ने करीब दो – तीन महीने पहले रूपए और अपने बच्चे को लेकर अपने पति का घर छोड़कर चली गई। इसके बाद से पति राजकुमार बर्मन पत्नी कल्पना को घर वापस आने के लिए कहता था, लेकिन उसकी पत्नी वापस घर नहीं आई। पत्नी के छोड़ कर चले जाने के बाद राजकुमार बर्मन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। इसके बाद बीते कल रात को राजकुमार बर्मन अपनी मां से बात कर सोने चला गया था। जिसके बाद आज सुबह राजकुमार बर्मन को खाने के लिए उसकी मां बुलाने गई तो देखा कि राजकुमार रूम के अंदर फंदे से लटका हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।