• Thu. Apr 2nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

भारत-नेपाल सीमा पर 22.50 लाख रुपये जब्त।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 41वीं वाहिनी की सी कंपनी पानीटंकी के जवानों ने 22 लाख 50 हजार भारतीय रुपये जब्त किए। इस मामले में एसएसबी ने चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। इनमें अमर बहादुर थापा (46), राजू कौसिला (47), भीम बहादुर कौसिला (73) और प्रेम कुमार सन्यासी (36) शामिल हैं। अमर बहादुर थापा मेघालय के झालूपारा का निवासी है, जबकि राजू कौसिला और भीम बहादुर कौसिला दोनों मेघालय के झालूपारा 47वें कैंटोनमेंट के निवासी हैं। वहीं प्रेम कुमार सन्यासी खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र का निवासी है।

एसएसबी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति पानीटंकी स्थित न्यू ब्रिज होकर होंडा सिटी एक्सवी चार पहिया वाहन (डब्ल्यूबी 74 एडब्ल्यू 2154 नंबर) से नेपाल जा रहे थे। इसी दौरान एसएसबी ने वाहन को रोककर गहन तलाशी ली, जिसमें सवार व्यक्तियों के पास से 22.50 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में यह मुद्रा अवैध रूप से सीमा पार तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। बाद में एसएसबी ने सभी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद वाहन समेत जब्त रुपये और चारों व्यक्तियों को पानीटंकी कस्टम विभाग को सौंप दिया।

क्या कहते हैं आईजी

इस संबंध में सिलीगुड़ी फ्रंटियर के आईजी वंदन सक्सेना ने बताया कि उन चारों को पता नहीं था कि भारत-नेपाल सीमा होकर इतनी भारी रकम नहीं ले जाई जा सकती। हालांकि सीमा के रास्ते इतनी बड़ी राशि ले जाना पूरी तरह अवैध है। सीमा पार केवल 200 और 500 रुपये के कुल 25,000 रुपये ही ले जाए जा सकते हैं। इसी कारण 22 लाख 50 हजार रुपये जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *