• Mon. Jan 5th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नक्सलबाड़ी में जरूरतमंद लोगों के बीच 3000 ब्लैंकेट का वितरण।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: सिलीगुड़ी महकमा अंतर्गत नक्सलबाड़ी स्थित अटल फुटबॉल मैदान में दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस की ओर से सिलीगुड़ी नगर निगम के एमएमआईसी एवं वार्ड संख्या 46 के पार्षद दिलीप बर्मन के नेतृत्व में शनिवार को जरूरतमंद लोगों के बीच 3000 ब्लैंकेट का वितरण किया गया।

इस संबंध में पार्षद दिलीप बर्मन ने बताया कि मौसम में ठंड अपना पूरा असर दिखा रही है। इसे देखते हुए नक्सलबाड़ी के अटल फुटबॉल मैदान में कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंद लोगों के बीच 3000 ब्लैंकेट, 10 व्हीलचेयर, एक ट्राइसाइकिल समेत खेल सामग्री का वितरण किया गया।

उन्होंने कहा कि ठंड से कंपकंपाते जरूरतमंद लोगों को जब ब्लैंकेट प्रदान की गई, तो वहीं इस कड़ाके की ठंड में राहत पाने वाले लोगों ने इस सहायता के लिए खुशी व्यक्त की। बर्मन ने बताया कि सुबह से ही आसमान में घना कोहरा छाया रहता है और शीतलहर चलती रहती है। लगातार कोहरे के कारण लोगों को धूप के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोग दिनभर गर्म कपड़ों में ही रहने को मजबूर हैं।

दिन और रात के समय ठंड बढ़ने से लोगों की स्थिति काफी खराब हो गई है। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों के साथ-साथ अलाव आदि का सहारा ले रहे हैं। ठंड के मौसम में सबसे अधिक परेशानी गरीब तबके को उठानी पड़ रही है। बढ़ती ठंड ने गरीबों का जीना मुहाल कर दिया है और भीषण ठंड व ठिठुरन के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हो गए हैं। खासकर जरूरतमंद लोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं।

इसी को देखते हुए समाजहित में यह कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि समय-समय पर उनके द्वारा समाजहित में इस तरह के कार्य किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *