सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की अपर महानिदेशक रेखा लोहानी ने 8वीं वाहिनी के अंतर्गत महत्वपूर्ण चौकी पशुपति फाटक का दौरा किया। उन्होंने सीमा सुरक्षा व्यवस्था सहित तमाम गतिविधियों का गहन जायजा लिया। अपर महानिदेशक ने बीआईटी पशुपति फाटक पर तैनात महिला एवं पुरुष जवानों की ड्यूटी का निरीक्षण किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की तथा आगे भी इसी तरह कर्तव्यपरायणता बनाए रखने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान 8वीं वाहिनी के कमांडेंट मितुल कुमार द्वारा उनका स्वागत किया गया। उन्होंने भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों और वहां तैनात अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। इसके बाद सहायक कमांडेंट सिकंदर कुमार ने सैंड मॉडल के माध्यम से वाहिनी के कार्यक्षेत्र और सीमा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके उपरांत उन्होंने सीमा चौकी परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और एसएसबी जवानों को सैनिक सम्मेलन के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर सिलीगुड़ी फ्रंटियर के आईजी वंदन सक्सेना और आठवीं वाहिनी के कमांडेंट मितुल कुमार सहित अन्य एसएसबी अधिकारी एवं जवान मौजूद थे।
