सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र स्थित नक्सलबाड़ी पोस्ट ऑफिस में बैंकिंग सेवाएँ बंद रहने से ग्राहकों में भारी नाराज़गी देखी गई। बुधवार को सेवाएँ बाधित होने के कारण पोस्ट ऑफिस परिसर के आसपास तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार यह पोस्ट ऑफिस कुल चार अधिकारियों के सहारे संचालित होता है, जिनमें से तीन अधिकारी पिछले दो दिनों से अवकाश पर हैं। इसी कारण शाखा की बैंकिंग सेवाएँ ठप हो गई हैं और ग्राहकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राहकों का आरोप है कि वे जब अपना जमा धन निकालने आते हैं, तो स्टाफ की कमी के कारण उन्हें बार-बार चक्कर काटना पड़ रहा है। कभी लिंक न होने का बहाना बताया जाता है, और जब लिंक उपलब्ध रहता है, तब स्टाफ न होने का हवाला देकर उन्हें लौटा दिया जाता है। शिकायत है कि ऐसी स्थिति अक्सर बनी रहती है, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
स्थिति की जानकारी मिलने पर नक्सलबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस के आश्वासन के बाद माहौल शांत हुआ। वहीं, पोस्ट ऑफिस के नक्सलबाड़ी शाखा प्रभारी की अनुपस्थिति के कारण इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
ग्राहकों ने बैंकिंग सेवाएँ तत्काल बहाल करने की मांग की है।
