• Mon. Feb 23rd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

फांसीदेवा में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ के साथ बीएसएफ जवान गिरफ्तार।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन फांसीदेवा थाना की विधाननगर जांच केंद्र की पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य के 3 किलो 349 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ बीएसएफ के एक इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है।

आरोपित बीएसएफ इंस्पेक्टर का नाम आलोक कुमार रविकर है। वह कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के गुराबाजार का निवासी बताया गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विधाननगर जांच केंद्र की पुलिस ने मुरलीगंज चेक पोस्ट पर बिहार से बंगाल जा रही बीआर 11एटी 3085 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 3 किलो 349 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक आईडी कार्ड भी बरामद हुआ, जिससे उसके बीएसएफ कर्मी होने की पुष्टि हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उक्त आरोपित की पोस्टिंग छत्तीसगढ़ में थी।

पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है। इस संबंध में दार्जिलिंग जिले के ग्रामीण एसडीपीओ सौम्याजीत राय ने बताया कि आरोपित बीएसएफ का कर्मी बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

बताया गया है कि वह ब्राउन शुगर की भारी खेप बिहार से सिलीगुड़ी लेकर जा रहा था, लेकिन मुरली चेक पोस्ट पर नाका चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया गया।

इस मौके पर सर्किल इंस्पेक्टर सैकत भद्रा, फांसीदेवा थाना प्रभारी सुदीप विश्वास, विधाननगर जांच केंद्र प्रभारी प्रीतम लामा, घोषपुकुर चौकी प्रभारी संजय तिर्की समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *