• Thu. Mar 5th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

डंपर की ठोकर से टूटा हाइट बार, चार पहिया वाहन पर गिरा; बाल-बाल बचा चालक।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी इलाके में राज्य सड़क पर डंपर और टैंकरों की लगातार और अनियंत्रित आवाजाही ने स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर कर दिया है। भारी वाहनों की इस अंधाधुंध दौड़ से इलाके में शोर-शराबा, धूल-मिट्टी और सुरक्षा का संकट बढ़ गया है।

इसी बीच गुरुवार को खोरीबाड़ी क्षेत्र में राज्य सड़क पर लगे हाइट बार के टूट जाने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में चार पहिया वाहन का चालक बाल-बाल बच गया। यह घटना घोषपुकुर-खोरीबाड़ी राज्य सड़क स्थित थानझोड़ा इलाके की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक चार पहिया वाहन शादी समारोह से लौट रहा था। उसी समय एक कंटेनर ट्रक घोषपुकुर की ओर जा रहा था। खोरीबाड़ी के थानझोड़ा मोड़ पर प्रशासन द्वारा लगाए गए हाइट बार से कंटेनर की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे का हाइट बार टूटकर पीछे आ रही चार पहिया गाड़ी के ऊपर गिर गया।

गनीमत रही कि इस घटना में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। इसके खिलाफ लोगों ने जोरदार विरोध जताया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्रशासन द्वारा पहले से ही हाइट बार लगाया गया है और 15 टन से अधिक वजन वाले मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर स्पष्ट प्रतिबंध है। यह नियम दिन के समय काफी हद तक लागू रहता है, लेकिन जैसे ही रात होती है, डंपर और टैंकर बिना किसी रोक-टोक के सड़क पर दौड़ने लगते हैं। इन वाहनों की तेज रफ्तार और भारी भार के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है, स्पीड ब्रेकरों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है और रात भर तेज शोर से लोगों की नींद उड़ जाती है।

मालिक तथा चालक नियमों की उड़ा रहे धज्जियां

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि डंपर और टैंकर मालिक तथा चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। वे जानबूझकर रात के समय आवाजाही बढ़ाते हैं ताकि दिन की चेकिंग से बच सकें। इससे इलाके में प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण और दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ गया है। कई लोगों का कहना है कि रात में सोना मुश्किल हो गया है और बच्चे डर के मारे जागते रहते हैं। अन्य छोटे वाहनों, पैदल यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा भी लगातार खतरे में पड़ रही है।

गुरुवार सुबह हुई इस घटना ने लोगों के आक्रोश को चरम पर पहुंचा दिया। आए दिन रात में डंपरों की लंबी कतार लगने के कारण एंबुलेंस भी रास्ते में फंस जाती है। इससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में देरी हो जाती है और मुश्किलें बढ़ जाती हैं।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल मांग की है कि हाइट बार को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, रात में भी सख्त चेकिंग हो, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और उल्लंघन करने वाले वाहनों पर जुर्माने के साथ जब्ती जैसी कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

कार्रवाई का मिला भरोसा

खोरीबाड़ी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। 15 टन से अधिक वजन वाले वाहनों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नियम तोड़ने वाले चालकों और मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर वाहन जब्त भी किए जा सकते हैं।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराने के लिए आश्वासन दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। काफी देर की बातचीत और समझाने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और प्रदर्शन समाप्त हुआ।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *