हर्षवर्धन श्रृंगला ने संसद में उठाई आवाज, स्थानीय लोगों में जगी उम्मीद
सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला ने संसद में खोरीबाड़ी ब्लॉक के बिन्नाबाड़ी पंचायत के लोधाबारी-महीशमारी क्षेत्र में रेल अंडरपास निर्माण की मांग उठाई है, जिससे स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है। बताया गया है कि यह मुद्दा करीब 60 हजार स्थानीय लोगों की सुरक्षा और आवागमन से जुड़ा हुआ है। सांसद श्रृंगला ने सदन में कहा कि बिन्नाबाड़ी इलाके में रेलवे लाइन के कारण दर्जनों गांवों के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे आम जनता, छात्र, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि बिन्नाबाड़ी के इस इलाके में एक स्थायी रेल अंडरपास का निर्माण किया जाता है, तो न केवल क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी। यह परियोजना स्थानीय लोगों के लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष और मांग का समाधान होगी। सांसद ने केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय से इस विषय को गंभीरता से लेने और शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह केवल विकास का नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। इस मुद्दे के संसद में उठने के बाद बिन्नाबाड़ी पंचायत के दर्जनों गांवों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में आशा की किरण जगी है।
