• Thu. Apr 2nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नक्सलबाड़ी में सिक्किम से बिहार जा रही 193.75 लीटर अवैध शराब जब्त।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 41वीं वाहिनी की सी कंपनी पानीटंकी के जवानों और नक्सलबाड़ी एक्साइज विभाग ने सिक्किम से बिहार जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। इस मामले में विभाग ने एक चालक को गिरफ्तार किया है। चालक का नाम विशाल कुमार साहनी (21) है। वह पड़ोसी राज्य बिहार के दरभंगा जिले के भारी थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।

बताया गया है कि गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात एक्साइज विभाग और पानीटंकी सी कंपनी के जवानों ने नक्सलबाड़ी थाना क्षेत्र के रथखोला मोड़ इलाके में सिक्किम से बिहार जा रही बीआर01बीडब्ल्यू 4333 नंबर की टोयोटा वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें सिक्किम निर्मित ओल्ड मोंक की 223 बोतलें, 33 बोतल ग्रीन लेबल व्हिस्की और 2 बोतल मैजिक मोमेंट कांच की बोतलें मिलीं। प्रत्येक बोतल 750 मिली की थी, जिससे कुल मात्रा 193.75 लीटर पाई गई।

इसके बाद एक्साइज विभाग की टीम और एसएसबी जवानों ने शराब को जब्त करते हुए मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एक्साइज विभाग के बागडोगरा डिप्टी कलेक्टर हसरत सहनी ने बताया कि नक्सलबाड़ी और बागडोगरा एक्साइज विभाग की टीम ने 193.75 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 4 लाख 83 हजार 750 रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त वाहन का मूल्य 8 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल जब्ती मूल्य 12 लाख 83 हजार 750 रुपये है।

शराब सिक्किम से बिहार ले जाई जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही नक्सलबाड़ी के रथखोला मोड़ पर उसे जब्त कर लिया गया। बरामद शराब किसी कानूनी स्रोत से नहीं थी। इसके अलावा, चालक शराब के वैध परिवहन से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही वाहन से कोई वैध कागजात मिले। फिलहाल मामले की आगे जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *