सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
सिलीगुड़ी: भारत से ‘बेटी-रोटी’ का संबंध रखने वाले नेपाल में आम चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के मद्देनज़र भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी बॉर्डर और गलगलिया-भातगांव बॉर्डर को आगामी 2 मार्च की रात 12 बजे से 5 मार्च की रात 12 बजे तक सील कर दिया जाएगा।
ज्ञात हो कि नेपाल में आम चुनाव के लिए 5 मार्च को मतदान होना है। प्रशासन के निर्देशानुसार चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए नेपाल जिला पुलिस और एसएसबी 41वीं वाहिनी द्वारा 72 घंटों के लिए भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील किया जाएगा। इस संबंध में कई दिन पूर्व बैठक भी की जा चुकी है, ताकि चुनाव के दौरान भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर राष्ट्र-विरोधी तत्व किसी गलत गतिविधि को अंजाम न दे सकें।
सीमा के रास्ते कोई अराजक तत्व प्रवेश न कर सके, इसके लिए दोनों देशों की जांच एजेंसियों द्वारा चौकसी बढ़ा दी गई है। बताया गया है कि भारत और नेपाल के अधिकारियों के बीच कुछ दिन पूर्व एसएसबी कैंप में बैठक हुई थी, जिसमें चुनाव से 72 घंटे पूर्व सीमा सील करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, विशेष आवश्यकता वाले लोग जरूरी कागजात दिखाकर आवागमन कर सकेंगे।
नेपाल में मतदान संपन्न होने के बाद 6 मार्च से आवागमन पूर्व की तरह सामान्य कर दिया जाएगा।
इस संबंध में सिलीगुड़ी फ्रंटियर के आईजी वंदन सक्सेना ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने तथा भारत-नेपाल सीमा पर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं और सीमा पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
दूसरी ओर, दार्जिलिंग जिले के ग्रामीण एसडीपीओ सौम्याजीत राय ने बताया कि नेपाल में चुनाव को देखते हुए पुलिस पहले से ही सतर्क है। संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस नेपाल पुलिस और एसएसबी जवानों के साथ समन्वय में काम कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर दार्जिलिंग पुलिस पूरी तरह तत्पर रहेगी।
