• Thu. Mar 5th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

भारत-नेपाल पानीटंकी और भातगांव बॉर्डर कल से आवाजाही शुरू।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: भारत से बेटी-रोटी का संबंध रखने वाले नेपाल में गुरुवार को आम चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। इसके बाद भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी बॉर्डर को गुरुवार रात 12 बजे से खोल दिया गया है। शुक्रवार से लोग पहले की तरह आवाजाही कर सकेंगे।

गुरुवार सुबह जैसे ही नेपाल में आम चुनाव को लेकर मतदान शुरू हुआ, वैसे ही भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी बॉर्डर पर आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए एसएसबी और दार्जिलिंग जिला पुलिस पूरी तरह चौकस हो गई थी। ताकि नेपाल चुनाव को लेकर किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो।

भारत-नेपाल सीमा पर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी पहले से ही अपनी पैनी नजर बनाए हुए थी। इसके अलावा दार्जिलिंग जिला पुलिस भी भारत-नेपाल सीमा के इलाकों में लगातार निगरानी कर रही थी।

वहीं चुनाव के दौरान भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर राष्ट्र विरोधी तत्व किसी गलत कार्य को अंजाम न दे सकें, इसे लेकर दोनों देशों की जांच एजेंसियां और जवान भी सीमा पर पूरी तरह मुस्तैद थे। ताकि सीमा से कोई अराजक तत्व प्रवेश न कर सके।

इस संबंध में दार्जिलिंग जिले के ग्रामीण एसडीपीओ सौम्याजीत राय ने बताया कि नेपाल में चुनाव को देखते हुए पुलिस पहले से ही सतर्क थी। पुलिस ने एसएसबी के साथ मिलकर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी।

गौरतलब है कि नेपाल में चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी बॉर्डर और गलगलिया-भातगांव बॉर्डर को 2 मार्च की रात 12 बजे से 5 मार्च की रात 12 बजे तक सील कर दिया गया था। गुरुवार 5 मार्च को मतदान संपन्न होने के बाद शुक्रवार से भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी बॉर्डर को पहले की तरह खोल दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *