सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
सिलीगुड़ी शहर के एक नंबर वार्ड स्थित गेट बाजार रेलवे स्टेशन संलग्न घने जंगल में रविवार रात को तेंदुआ के दो शावक देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं सूचना मिलते ही सारूगाड़ा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुओं की तलाश शुरू कर दी । मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात को जंक्शन रेलवे स्टेशन संलग्न घने जंगल में स्थानीय कुछ लोगों ने तेंदुए के दो शावकों को भागते हुए देखा। इसके बाद घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही सारूगाड़ा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और परिस्थिति का जायजा लिया। बाद में सुकना वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और तेंदुओं की तलाश शुरू की है।
तेंदुआ देखे जाने की खबर पाकर वार्ड पार्षद संजय पाठक भी वहां पहुंचे। बताया गया कि सारूगाड़ा वन विभाग की बिट ऑफिसर प्रिया तामांग की उपस्थिति में आज सुबह से ही पूरे इलाके में तेंदुओं की छानबीन की जा रही है।
