सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: आदिवासी जनजाति सुरक्षा मंच की ओर से सोमवार को एक आक्रोश रैली निकाली गई। इसके बाद सिलीगुड़ी के एसडीओ को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
इस संबंध में जनजाति सुरक्षा मंच के एंडी मुंडा ने बताया कि सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया है कि क्षेत्र के आदिवासी लोगों को लंबे समय से उनकी भूमि के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने और फर्जी विलेख तैयार करने के मामले सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में फांसीदेवा, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग क्षेत्र में भूमि हथियाने के विवाद को लेकर आदिवासी परिवारों के साथ गंभीर घटनाएं घटी हैं। आरोप है कि जमीन कब्जाने की कोशिश के दौरान एक नवजात आदिवासी बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई तथा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।
मंच का आरोप है कि इस प्रकार कई आदिवासी परिवारों की जमीन हड़प ली गई है। करीब 20 से अधिक आदिवासी परिवारों की जमीन किसी अन्य के नाम पर पट्टा कर दी गई है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
