सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी : दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन खोरीबाड़ी थाना की पुलिस ने शनिवार देर रात थाना क्षेत्र के गुरुदयाल जोत इलाके से देसी कट्टा और कारतूस के साथ एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। नाबालिग का नाम विदुर पासवान (16) उर्फ अभिषेक है। वह खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के गुरुदयाल जोत का निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिहार के कटिहार निवासी सुशांत पासवान अपने एक रिश्तेदार के घर आया था। आरोप है कि वह देसी कट्टा लेकर इलाके में घूम रहा था। बाद में उसने वह देसी कट्टा एक नाबालिग रिश्तेदार के हाथ में देकर मौके से चला गया। इसकी सूचना मिलते ही खोरीबाड़ी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देखते ही सुशांत पासवान मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मौके से नाबालिग को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए।
पूछताछ में नाबालिग ने कबूल किया कि उसके पास एक हाथ से बना हथियार और एक खाली कारतूस है। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने एक राउंड गोली चलाई थी और खाली कारतूस अपने पास रखा हुआ था। इसके बाद नाबालिग से उक्त हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज पेश करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
खोरीबाड़ी थाना की पुलिस ने केस संख्या 28/26, दिनांक 17.01.26, यू/एस 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। रविवार को पुलिस ने नाबालिग को दार्जिलिंग जुवेनाइल अदालत में पेश किया। पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है।
