सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी : सिलीगुड़ी महकमा के बंगाल–बिहार सीमा क्षेत्र तथा खोरीबाड़ी थाना अंतर्गत चक्करमारी में उड़ती धूल के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। सूचना मिलने के बाद खोरीबाड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस संबंध में स्थानीय निवासी गोविंद राय और नीरेन बर्मन ने बताया कि उड़ती धूल के गुबार से चक्करमारी से गुजरने वाले राहगीरों को काफी दिक्कत हो रही है, खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को। धूल के कारण सड़क किनारे के व्यवसायी और आसपास के इलाकों के लोग भी बेहद परेशान हैं। कई बार भारी वाहनों के गुजरने पर सड़क पर धूल का ऐसा गुबार उठता है कि पांच फीट की दूरी तक देख पाना मुश्किल हो जाता है।
उड़ती धूल के कारण लोग एलर्जी का शिकार हो रहे हैं और आंखों की बीमारियों की आशंका भी बढ़ रही है। इसके अलावा इसका असर फसलों और मवेशियों पर भी पड़ रहा है। बावजूद इसके संबंधित अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खेतों में लगी फसलों की पैदावार में कमी आ सकती है, जिसका सीधा असर किसानों की आजीविका पर पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि धूलकणों का सीधा संबंध प्रदूषण से है, जिससे वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है। ज्ञात हो कि इस मार्ग से बस, ट्रक, पिकअप समेत अन्य भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिनकी तेज रफ्तार के साथ उड़ती धूल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही है।
