सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दार्जिलिंग जिले के ग्रामीण एसडीपीओ सौम्याजीत राय ने खोरीबाड़ी ब्लॉक के बतासी और श्यामधन जोत क्षेत्रों में रूट मार्च किया। शनिवार को उन्होंने खोरीबाड़ी थाने और पानीटंकी चौकी की पुलिस बल के साथ इलाके में फ्लैग मार्च निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पहल चुनाव से पूर्व कानून-व्यवस्था की स्थिति को सामान्य बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए की गई है। इस दौरान उन्होंने बूथ-बूथ जाकर स्थिति का निरीक्षण किया, आम लोगों से बातचीत की और उनकी राय व समस्याएं सुनीं।
उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही निर्देश दिया कि यदि कोई अफवाह फैलाने या अशांति पैदा करने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रूट मार्च और बूथ निरीक्षण के दौरान आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पुलिस की इस कार्रवाई से चुनाव से पहले क्षेत्र में विश्वास और सुरक्षा का माहौल बना है।
