सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: शुक्रवार को खोरीबाड़ी व नक्सलबाड़ी प्रखंड में धूमधाम से बसंत पंचमी व सरस्वती पूजा मनाई गई। पूजा समितियों तथा शैक्षणिक संस्थानों में प्रतिमा स्थापित कर विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना की गई। स्कूलों, कॉलेजों व अन्य संस्थाओं की ओर से मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हवन-पूजन का आयोजन किया गया। खासकर स्कूली बच्चों में सरस्वती पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह लोगों ने मां शारदे की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम से पूजा-अर्चना की।
वैदिक मंत्रों के साथ सभी विद्यार्थियों ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए मां सरस्वती की आराधना की। छात्र-छात्राएं पूरी श्रद्धा के साथ पूजा में शामिल हुए और विद्या की देवी मां शारदे की उपासना की। छात्र विष्णु साह, एजाज शेख, राहुल साह, प्रेम साह आदि ने बताया कि सरस्वती पूजा का इंतजार हम लोगों को साल भर रहता है। छात्रों ने बताया कि मौसम के बदलाव की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा से होती है। मां शारदे की पूजा से छात्रों को उत्साह मिलता है, जिससे ऐसी मान्यता है कि पूरे वर्ष पढ़ाई के दौरान मां सरस्वती की कृपा बनी रहती है और पूजा-अर्चना से बुद्धि व ज्ञान का वरदान प्राप्त होता है।
माता सरस्वती को ज्ञान, संगीत, कला, विज्ञान और शिल्प-कला की देवी माना जाता है। लोग ज्ञान प्राप्ति और सुस्ती, आलस्य एवं अज्ञानता से छुटकारा पाने के लिए बसंत पंचमी के दिन देवी सरस्वती की उपासना करते हैं। इस दिन शिक्षा आरंभ का भी विधान है। इस दिन को श्री पंचमी और सरस्वती पूजा के नाम से भी जाना जाता है।
