सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: लंबे समय से यात्रियों द्वारा की जा रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। सिक्किम–महानंदा एक्सप्रेस का ठहराव अब नक्सलबाड़ी रेलवे स्टेशन पर शुरू हो गया है। मंगलवार को इस ठहराव की औपचारिक शुरुआत की गई।
राजू बिष्ट और माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के विधायक आनंदमय बर्मन ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन का शुभारंभ किया। ठहराव की सूचना मिलते ही नक्सलबाड़ी रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। ग्रामीण लंबे समय से स्टेशन पर इस एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे। मांग पूरी होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नक्सलबाड़ी के यात्रियों के लिए कोलकाता जाने हेतु कंचनकन्या एक्सप्रेस का ठहराव उपलब्ध था, लेकिन दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए उन्हें बागडोगरा जाना पड़ता था। इससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे। अब सिक्किम–महानंदा एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी।
सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की यह लंबे समय से मांग थी और इसे पूरा कर खुशी हो रही है। नक्सलबाड़ी क्षेत्र के साथ-साथ नेपाल और पहाड़ी इलाकों के यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल कुल 9 ट्रेनें नक्सलबाड़ी स्टेशन पर यात्री सेवा दे रही हैं। भविष्य में और ट्रेनों के ठहराव के लिए रेलवे विभाग से वार्ता की जाएगी।
