सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: रविवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 8वीं वाहिनी की ओर से सीमावर्ती क्षेत्र की युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 30 दिवसीय ब्यूटिशियन प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया। वाहिनी के कमांडेंट मितुल कुमार के मार्गदर्शन में इसका समापन वाहिनी क्षेत्र के बागखोर में किया गया। यह प्रशिक्षण बागखोर में देशबंधु व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान, सिलीगुड़ी द्वारा संचालित किया गया।
यह कार्यक्रम मिरिक व इसके आसपास की कुल 35 युवतियों को 30 दिवसीय उन्नत व्यावसायिक ब्यूटिशियन प्रशिक्षण देने के लिए चलाया गया था, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र बागखोर व उसके आसपास की युवतियां सुविधाजनक तरीके से अपने गांव में रहकर ही प्रशिक्षण प्राप्त कर सकीं।
इस दौरान 8वीं वाहिनी के कमांडेंट मितुल कुमार ने युवतियों से कहा कि “सेवा, सुरक्षा व बंधुत्व” के मूल ध्येय वाक्य के साथ सशस्त्र सीमा बल आप सभी की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। प्रशिक्षण प्रारंभ करने का मूल उद्देश्य यही है कि आप आत्मनिर्भर बनें और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें।
इसके बाद बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, एक भारत श्रेष्ठ भारत, स्वच्छ भारत अभियान एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। इस मौके पर कमांडेंट मितुल कुमार, उप-कमांडेंट मुकेश कुमार, सहायक कमांडेंट राहुल नैन, निरीक्षक चन्द्रसैन कुमार एवं समवाय प्रभारी बागखोर उपस्थित थे।
