सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 भैंसों को तस्करी से बचाया है। इस दौरान संदिग्ध वाहन का चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसबी की 41वीं बटालियन की सी कंपनी पानीटंकी और मदनजोत पोस्ट के जवानों को मंगलवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर एशियन हाईवे-2 पर एक वाहन को रोका गया, लेकिन चालक ने पीछा होता देख चाय बागान क्षेत्र के केस्टोपुर इलाके में गाड़ी छोड़ दी और फरार हो गया।
जांच में वाहन के अंदर 22 भैंसें बेहद अमानवीय और अवैध तरीके से भरी हुई पाई गईं। मौके पर किसी व्यक्ति की मौजूदगी नहीं थी। एसएसबी ने तत्काल सभी पशुओं और वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बागडोगरा थाना पुलिस को सौंप दिया।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसे अभियानों को तेज किया जाएगा।
