• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

खोरीबाड़ी में मादक पदार्थ के साथ दिल्ली वाला समेत तीन गिरफ्तार।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन खोरीबाड़ी थाना और पानीटंकी चौकी की पुलिस ने 305 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दिल्ली वाला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के नाम मोहम्मद समसाद (16), मोहम्मद साहिद (44) और उमेश राय (19) हैं। मोहम्मद साहिद और मोहम्मद समसाद दोनों पिता-पुत्र हैं और खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के चरनाजोत के निवासी हैं, जबकि उमेश राय खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के गंडोगोल जोत का निवासी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोहम्मद साहिद ब्राउन शुगर का डीलर है और वह इलाके में दिल्ली वाला के नाम से प्रसिद्ध है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खोरीबाड़ी थाना और पानीटंकी चौकी की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पानीटंकी स्थित कॉलोनी मोड़ इलाके में उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 305 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मोहम्मद साहिद पर पुलिस लंबे समय से नजर रख रही थी, लेकिन मौका नहीं मिल पा रहा था। रविवार देर रात वह नक्सलबाड़ी से मादक पदार्थ लेकर पानीटंकी आ रहा था। वह ब्राउन शुगर उमेश राय को देता और उमेश राय इसे नेपाल में तस्करी करता, लेकिन पुलिस ने कॉलोनी मोड़ इलाके में मोहम्मद साहिद को रोककर तलाशी ली और यह सफलता मिली। इसके बाद पुलिस तीनों आरोपितों को खोरीबाड़ी थाना ले गई।

इस दौरान कार्रवाई में खोरीबाड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार वैद्य, एसआई शुभांकर राय व पानीटंकी चौकी प्रभारी अमृत लेबर समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को तीनों आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *