सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: गुरुवार सुबह खोरीबाड़ी थाना पुलिस ने कदमतला से सटे इलाके से अवैध रूप से बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए। इस मामले में पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर चालकों—प्रदुम मंडल और मोहम्मद रुस्तम—को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस पहले से ही कदमतला मोड़ इलाके में तैनात थी। आरोप है कि डुमुरिया नदी से अवैध रूप से बालू का खनन कर उसे बिहार की ओर तस्करी की जा रही थी। उसी दौरान पुलिस ने बालू से भरे दोनों ट्रैक्टरों को रोककर जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान जब चालक से वैध परमिट और अन्य कागजात मांगे गए, तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया और चालकों को थाने ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि अवैध परिवहन में पकड़े गए ट्रैक्टर मालिकों और चालकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा तय जुर्माना भी लगाया जाएगा। वहीं, गिरफ्तार दोनों चालकों को गुरुवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने यह भी कहा कि अवैध बालू तस्करी पर रोक लगाने के लिए इलाके में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
