सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: रविवार को रेल लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के पानीटंकी स्थित गोंडोगल जोत रेलवे लाइन इलाके की है। मृतक की पहचान गोंडोगल जोत निवासी श्यामल बर्मन (29) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामल बर्मन रविवार सुबह रेल लाइन पार कर रहे थे, तभी राधिकापुर–सिलीगुड़ी डेम्यू ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के सदस्य उत्पल बर्मन ने बताया कि पारिवारिक अशांति के कारण श्यामल ने आत्महत्या की है। हालांकि, रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सूचना मिलने पर खोरीबाड़ी थाना की पानीटंकी चौकी से पुलिस और रेलवे पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। इस घटना से इलाके में शोक की लहर है।
