• Thu. Sep 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

दक्षिण अफ्रीका महाद्वीप के अंगोला देश की राजधानी लुआंडा के जेल में बंद है सिलीगुड़ी का एक इंजीनियर, घर वापसी के लिए पत्नी व माता-पिता ने सांसद से लेकर पीएम तक लगाई गुहार।

सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।

सिलीगुड़ी का एक इंजीनियर बीते तीन महीने से दक्षिण अफ्रीका महाद्वीप के अंगोला देश की राजधानी लुआंडा के जेल में बंद है। इंजीनियर का नाम अजित कुमार बताया गया है। उन्हें वापस लाने के लिए पत्नी व माता-पिता ने स्थानीय सांसद से लेकर प्रधानमंत्री तक गुहार लगाई लगाई है। लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। बल्कि दूतावास से भी आवश्यक सहयोग नहीं मिल रहा है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शहर से सटे प्रधान नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालबाड़ी इलाका निवासी अजित कुमार वर्ष 2019 के अक्टूबर महीने में अंगोला गए थे। पेशे से इंजीनियर अजित प्रसाद ने अंगोला की नोबल ग्रुप ऑफ कंपनी में प्रोडक्शन एंड मेंटिनेंस मैनेजर के पद पर नौकरी जॉइन किया। करीब ढाई वर्ष नौकरी करने के बाद नाइजीरिया की कंपनी से उन्हें बेहतर आफर मिला और उन्होंने नाइजीरिया जाने का निर्णय लिया। इस्तीफ़ा देने का निर्णय भी ग्लोबल ग्रुप के मालिक नाजिम चिरानिया को बताई। सहमति मिलने पर बीते पांच जून को नाइजीरिया जाने के लिए हवाई जहाज का टिकट भी करवाया। इनकी पत्नी आभा श्रीवास्तव का आरोप है कि ग्लोबल ग्रुप के मालिक ने हिसाब-किताब निपटारा कर जाने को कहा। इसकी वजह से पांच की यात्रा रद कर अजित ने 26 जून का फिर से टिकट कराया। लेकिन 10 जून को ग्लोबल के मालिक ने अजित को चाय पर बुलाया और कंपनी का रुपया गबन करने का आरोप लगाकर गिरफ्तार करवा दिया। 13 जून को अजित ने परिवार से आख़िरी बार बात किया।

पत्नी आभा प्रसाद ने बताया कि दूसरी कंपनी में जाने की वजह से ही ग्लोबल ग्रुप के प्रबंधन ने एक साजिश के तहत उन्हें फंसाया है। बल्कि इसके पहले भी केरल के एक कर्मचारी के साथ भी ग्लोबल ग्रुप ने इसी तरह का व्यवहार किया था। अजित कुमार के जेल जाने की खबर सुनने के बाद से वे अपने पति को वापस लाने का प्रयास कर रहीं हैं। दूतावास ने गिरफ्तारी की खबर तो दी लेकिन उसके आगे किसी भी प्रकार की सहायता के लिए नजरें फेर लिया है। प्रधानमंत्री को ईमेल के मार्फत घटना की जानकारी देकर सहायता की अपील की गई है। उधर, स्थानीय सांसद राजू बिष्ट ने पासपोर्ट में सिक्किम का पता होने की बात पर सहायता से साफ इनकार कर दिया है। घर मे बूढ़े माता-पिता के साथ पत्नी आभा और उसकी एक बेटी है। पति को वापस लाने के लिए पत्नी दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर है।


 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *