• Sat. Feb 21st, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

गलगलिया चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, कार से 59 लीटर बियर बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिले में शराब तस्करों और मद्यपान करने वालों के खिलाफ उत्पाद विभाग का कड़ा अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में उत्पाद विभाग ने गलगलिया चेकपोस्ट पर सघन तलाशी अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है।

उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की कार को रोका गया। कार की गहन तलाशी लेने पर उसके भीतर से 59 लीटर विदेशी बियर बरामद की गई।

मौके से उत्पाद विभाग की टीम ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान छोटू कुमार और सचिन कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में यह बात सामने आई कि तस्कर पश्चिम बंगाल से बियर की इस बड़ी खेप को लेकर मुजफ्फरपुर जाने की फिराक में थे, लेकिन किशनगंज सीमा पर ही विभाग के हत्थे चढ़ गए।

सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह ने बताया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए दोनों तस्करों का सदर अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया गया। इसके बाद मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *