सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: महिलाओं पर हो रही हिंसा को रोकने और उनके अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दार्जिलिंग मैरी वार्ड सोशल सेंटर द्वारा “हमारे शरीर, हमारी धरती, हमारा भविष्य” की थीम पर खोरीबाड़ी स्थित खेल मैदान में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम आगामी 8 मार्च को होने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और ‘वन बिलियन राइजिंग’ अभियान के तहत मनाया गया। इस कार्यक्रम में करीब 30 चाय बागानों की महिलाओं और युवाओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आज के समाज में महिलाओं के खिलाफ होने वाले रेप, घरेलू हिंसा और विभिन्न प्रकार के अत्याचारों के खिलाफ जागरूकता पैदा करना था। कार्यक्रम को गीत, नाटक और अन्य गतिविधियों के माध्यम से आयोजित किया गया, ताकि महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जा सके।
इसके अलावा महिलाओं से किसी भी तरह के अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाने की अपील की गई और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
इस कार्यक्रम में पुरुषों की भागीदारी भी काफी संख्या में रही। पुरुषों को समाज और परिवार में महिलाओं के सम्मान और गरिमा बनाए रखने के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
दार्जिलिंग मैरी वार्ड सोशल सेंटर के को-ऑर्डिनेटर कौशिक राय चौधरी ने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य चाय बागानों और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ मजबूती से खड़ी हो सकें। साथ ही पुरुषों को भी यह सिखाया जा रहा है कि समाज और परिवार में महिलाओं को कैसे सम्मान दिया जाए।”
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में दार्जिलिंग जिले के विभिन्न चाय बागानों और पिछड़े इलाकों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
