• Wed. Mar 11th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

खोरीबाड़ी में तृणमूल का ‘युवा तुमी बूथों चलो’ कार्यक्रम शुरू।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी : एक ओर जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभी से ही विधानसभा चुनाव में कब्जा जमाने को लेकर अपनी कमर कस ली है, वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में बुधवार को बतासी इलाके में ‘युवा तुमी बूथों चलो’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद बतासी मोड़ में पथसभा का आयोजन हुआ।

पथसभा में कहा गया कि एसआईआर के जरिए केवल जनता को परेशान किया जा रहा है। वर्ष 2002 की मतदाता सूची में जिन लोगों के नाम थे, उन्हें भी इस बार संदेह के दायरे की सूची में डाल दिया गया है।

इस मौके पर दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस के युवा अध्यक्ष जयव्रत मुखुटी, खोरीबाड़ी ब्लॉक युवा अध्यक्ष राजेश सरकार, तृणमूल कांग्रेस के फांसीदेवा संयोजक काजल घोष, तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष संजीव बर्मन, बिन्नाबाड़ी अंचल अध्यक्ष वैद्यनाथ राय समेत अन्य तृणमूल नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं ने लोगों के घर-घर जाकर उनसे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। जयव्रत मुखुटी ने बातचीत में बताया कि ‘युवा तुमी बूथ चलो’ कार्यक्रम के तहत वे लोगों के घर जा रहे हैं और उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने के दौरान उन्हें काफी अच्छा फीडबैक मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं सफल नहीं होंगी और बंगाल में एक बार फिर तृणमूल की सरकार बनेगी। केंद्र सरकार कुछ भी कर ले, बंगाल में उसकी सरकार बनने का सपना सिर्फ सपना ही बनकर रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंगाल की जनता को स्वास्थ्य साथी, लक्ष्मी भंडार, कन्याश्री, सबुज साथी सहित कई योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। तृणमूल कांग्रेस हर वक्त लोगों के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। साथ ही विकास की यह यात्रा बिना रुके आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *