राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज स्थित माता गुजरी यूनिवर्सिटी में पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मेडिकल, नर्सिंग और फार्मेसी संकाय के स्नातक विद्यार्थियों को पहली बार औपचारिक रूप से डिग्रियां प्रदान की गईं।
मालूम हो कि इस समारोह में कुल 1198 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर, रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
इस दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे। उनके साथ बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार तथा उद्योग एवं सड़क निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने माता गुजरी यूनिवर्सिटी की सराहना करते हुए कहा कि इस सुदूर क्षेत्र में यूनिवर्सिटी की स्थापना कर अल्पसंख्यक बच्चों को शिक्षा प्रदान करना एक सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में सिर्फ 50 हजार लोगों का आयुष्मान कार्ड बना हुआ था, लेकिन आज 2 करोड़ से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बन चुका है।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सबसे अधिक पढ़ने वाला छात्र ही डॉक्टर और इंजीनियर बनता है और आप सभी को जीवन भर पढ़ाई करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टर धरती के भगवान होते हैं और मैं दिलीप जायसवाल जी को बधाई देता हूं, क्योंकि उन्होंने भगवान की फैक्टरी को स्थापित किया है।
