राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च से 14 मार्च तक चल रहे विशेष सप्ताह के तहत नगर परिषद किशनगंज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को समर्पित एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी स्वरूपम राज के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और उन्हें समाज में सुरक्षित परिवेश प्रदान करना रहा।
महिलाओं के लिए एक विशेष सुरक्षा शिविर लगाया गया, जिसमें उन्हें आत्मरक्षा और आपातकालीन स्थिति में अपने अधिकारों के प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। समाज और स्वच्छता प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, कार्यस्थल पर सुरक्षा और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी स्वरूपम राज ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। उनका सशक्त और सुरक्षित होना एक उन्नत शहर की पहचान है। नगर परिषद महिलाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर है।
