राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
शहर के व्यस्त इलाके चूड़ीपट्टी और कागजिया बस्ती पहाड़ी चौक पर गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस मारपीट में एक 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अस्पताल में भर्ती पीड़ित मो० आसिफ, पिता– मो० फकीरा (निवासी मोतीबाग) ने आरोप लगाया कि वह अपने निजी काम से चूड़ीपट्टी जा रहा था। तभी पुरानी रंजिश के कारण मो० लाल, मो० करूर, रहमत, मो० राज और उनके साथियों ने उसे बीच रास्ते में घेर लिया। आसिफ का कहना है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उसे बाँस और बेल्ट से बुरी तरह पीटा और उसके गले से एक भर सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
वहीं, मामले में नया मोड़ तब आया जब दूसरे पक्ष के मो० लाल ने इन आरोपों को निराधार बताया। मो० लाल का दावा है कि विवाद की शुरुआत आसिफ की बाइक से हुई टक्कर के कारण हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बाइक से धक्का लगने का विरोध किया, तो आसिफ ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसमें वे खुद भी चोटिल हुए हैं।
पहाड़ी चौक पर घंटों रहा तनाव
इस घटना के बाद कागजिया बस्ती पहाड़ी चौक पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल युवक के शरीर पर गहरे जख्म देखकर परिजनों में आक्रोश है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की तहकीकात शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष ने थाने में नामजद आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
