• Sun. Mar 15th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

गोरखपुर–सिलीगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना की समीक्षा, किशनगंज में भूमि अधिग्रहण कार्य तेज करने के निर्देश।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति को लेकर शनिवार को किशनगंज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विशाल राज ने की, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे भूमि अधिग्रहण और एलपीसी (लैंड पजेशन सर्टिफिकेट) से संबंधित मामलों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान कोचाधामन प्रखंड में लंबित पड़े एलपीसी मामलों को लेकर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर अधिकतम मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्राइव मोड में काम करते हुए तय समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा किया जाए, ताकि सड़क परियोजनाओं की रफ्तार प्रभावित न हो।

बहादुरगंज प्रखंड की समीक्षा में जानकारी दी गई कि लगभग 13 एकड़ भूमि का एलपीसी तैयार हो चुका है। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन भू-स्वामियों की जमीन अधिग्रहित हुई है, उन्हें अगले दो से तीन दिनों के भीतर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाए।

बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे केवल कागजी समीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि क्षेत्र में जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति देखें और लंबित मामलों का मौके पर समाधान करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़े किसी भी प्रशासनिक अवरोध को जल्द दूर किया जाए।

गोरखपुर–सिलीगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से जिले के करीब 52 गांव प्रभावित हो रहे हैं। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक मौजा से जुड़े मामलों की अलग-अलग समीक्षा कर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए।

बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनिकेत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि एनएचएआई के परियोजना निदेशक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परियोजनाओं की प्रगति में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *