• Wed. Apr 22nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

पटना में SVU का बड़ा एक्शन: इंजीनियर राजीव कुमार के ठिकानों पर छापा, करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा।

सारस न्यूज़, वेब डेस्क।

पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही उनके तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजीव कुमार ने अपनी सेवा अवधि के दौरान अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। उन पर करीब 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जुटाने का आरोप है।

जांच एजेंसी ने अदालत से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर पटना स्थित उनके पंत भवन कार्यालय के साथ-साथ दो आवासीय परिसरों में तलाशी अभियान चलाया। इनमें एक फ्लैट रामनगरी रोड इलाके में और दूसरा दानापुर के खगौल रोड स्थित अपार्टमेंट में बताया जा रहा है।

SVU अधिकारियों के मुताबिक, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। छापेमारी के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिलने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है और बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप साबित होते हैं, तो आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अवैध संपत्ति जब्त की जा सकती है।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *