सारस न्यूज़, बहादुरगंज: लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नेपाल के तराई इलाकों से बहने वाली नदियों में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। इस स्थिति में नगर और प्रखंड क्षेत्र में जलजमाव और कटाव की समस्या गंभीर हो गई है, जिससे नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का काम प्रशासन द्वारा तेजी से किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर एसडीएम किशनगंज ने बहादुरगंज नगर क्षेत्र से होकर बहने वाली कनकई नदी और नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जलजमाव की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित नगर पंचायत (नप) के कार्यपालक पदाधिकारी अतिउर रहमान को स्थिति सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
नप कार्यपालक पदाधिकारी अतिउर रहमान ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नगर क्षेत्र के कई वार्डों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। नगर प्रशासन ने जलजमाव वाले स्थानों को चिन्हित कर वैकल्पिक जल निकासी की व्यवस्था शुरू कर दी है, ताकि आमजन को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वासीकुर रहमान, वार्ड पार्षद बंटी सिन्हा, वीरेंद्र ठाकुर समेत अन्य पार्षद भी मौजूद थे।
