सारस न्यूज़, अररिया।
23 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे अररिया आरएस थाना क्षेत्र के प्लाई फैक्ट्री से करीब 100 मीटर दूर बैजनाथपुर जाने वाली सड़क पर एक स्थानीय व्यवसायी से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने 2.60 लाख रुपये नकद और अन्य कागजात लूट लिए थे। पीड़ित के आवेदन पर आरएस थाना कांड संख्या 180/243 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस कांड के उद्भेदन और लूटी गई राशि की बरामदगी के लिए एसपी अमित रंजन ने सदर एसडीपीओ रामपुकार सिंह के नेतृत्व में आरएस थानाध्यक्ष और डीआईयू की संयुक्त एसआईटी टीम गठित की। एसपी ने बताया कि तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और टावर डंप का विश्लेषण कर अपराधियों का पता लगाया गया। इसके आधार पर नरपतगंज थाना के बीबीगंज वार्ड संख्या 08 निवासी संजय यादव (28) पिता गंगा यादव और पूर्णिया जिला के जानकीनगर वार्ड संख्या 06 निवासी मो. मोजीब (24) पिता याकूब को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अपराधियों के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही के आधार पर घटना में प्रयुक्त बाइक, लूटी गई राशि में से 9.5 हजार रुपये, पीड़ित का बैग, प्लाई कंपनी की स्टांप मुहर, आधार कार्ड, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, अभियुक्त की एक अन्य बाइक और लूटे गए अन्य कागजात बरामद किए गए।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी संजय यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं, जिनमें फारबिसगंज थाना कांड संख्या 325/18, सिमराहा थाना कांड संख्या 824/20, नरपतगंज थाना कांड संख्या 522/19 और आरएस थाना कांड संख्या 168/24 शामिल हैं। घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटी गई शेष राशि की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
टीम में शामिल अधिकारी: इस छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान में आरएस थानाध्यक्ष अजीत चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) विनोद कुमार सिंह, त्रिपुरारी कुमार, पूजा कुमारी, डीआईयू शाखा के विवेक प्रसाद और नागेंद्र कुमार सहित डीआईयू टीम और सशस्त्र बल शामिल थे।