• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

गया में डॉक्टर को पेड़ से बांध कर पीटने का मामला, रेप केस और ज़मीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा कारण।

ByHasrat

Jun 4, 2025 #पिटाई

सारस न्यूज, वेब डेस्क।

बिहार के गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों से लेकर पूरे राज्य में हलचल मचा दी है। एक ग्रामीण डॉक्टर को इलाज के दौरान आरोपियों ने घर से खींच कर पेड़ से बांध दिया और बेरहमी से पीटा। घायल डॉक्टर को गंभीर हालत में इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना एक रेप पीड़िता के घर पर घटी, जहां डॉक्टर किसी महिला का इलाज करने पहुंचे थे। इलाज के दौरान अचानक कुछ लोगों ने घर में घुसकर डॉक्टर को बाहर खींचा और पेड़ से बांधकर मारपीट की। मौके पर पहुंचे 112 नंबर की पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे।

डॉक्टर की पिटाई के दौरान कुछ ग्रामीण भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। पीड़ित डॉक्टर जितेंद्र यादव को पुलिस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मामला केवल इलाज का नहीं, पुराना विवाद भी जुड़ा है

स्थानीय पुलिस और प्रशासन की माने तो यह घटना केवल इलाज से जुड़ी नहीं है, बल्कि इसके पीछे पुराने विवाद और कोर्ट में चल रही रेप केस की गवाही का भी संबंध बताया जा रहा है। साल 2021 में इसी घर की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ था, जिसमें आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। हाल ही में पीड़िता ने कोर्ट में गवाही दी थी और एक आरोपी को जेल भेजा गया। उसी के बाद से लगातार धमकियां मिलने की बात सामने आई थी।

घटना के दिन पीड़िता के घर की एक महिला की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को बुलाया गया था, लेकिन डॉक्टर को घर का सदस्य समझकर आरोपियों ने हमला कर दिया।

प्रशासन की सफाई: मामला आपसी ज़मीन विवाद का

वहीं, वजीरगंज के एसडीपीओ सुनील कुमार पांडे का कहना है कि यह मामला दो पक्षों – मीणा देवी और बसंती देवी – के बीच ज़मीन विवाद से जुड़ा है। डॉक्टर जितेंद्र यादव मीणा देवी की मदद करते थे और उसी दिन रास्ते से गुजर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें निशाना बना लिया। पुलिस के मुताबिक जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला

इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “बिहार में तालिबानी हालात बन गए हैं। डॉक्टर को पेड़ से बांधकर पीटा गया और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। शासन-प्रशासन पूरी तरह फेल है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।”

पुलिस की कार्रवाई जारी

फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। डॉक्टर की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने राज्य में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *