चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

फांसीदेवा में 150 लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता।

Dec 14, 2025

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का पलड़ा फांसीदेवा–खोरीबाड़ी इलाके में भारी होता दिख रहा है। विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों में गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी पार्टियां सीट पर कब्जा जमाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं। इसी बीच विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता लगातार दल बदल रहे हैं।

इसी क्रम में रविवार को फांसीदेवा के हांसकुआ मैदान में एंडी मुंडा की अगुवाई में 150 से अधिक लोगों ने सांसद राजू बिष्ट की मौजूदगी में अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर सांसद राजू बिष्ट ने नवागंतुक सदस्यों को पार्टी का झंडा थमाकर उनका स्वागत किया।

इस संबंध में दार्जिलिंग जिला के सांसद राजू बिष्ट ने बताया कि हांसकुआ फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से कई परिवारों को भाजपा में शामिल कराया गया। सभी नए सदस्यों को पार्टी का झंडा देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों और समाज के लिए किए जा रहे सराहनीय प्रयासों से प्रेरित होकर लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों को उचित मान-सम्मान और मर्यादा दी जाएगी।

इस मौके पर सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला अध्यक्ष अरुण मंडल, संयोजक बापी गोस्वामी, फांसीदेवा विधायक दुर्गा मुर्मू, सिलीगुड़ी विधायक डॉ. शंकर घोष, हांसकुआ मंडल अध्यक्ष चंदन दास सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *