सारस न्यूज ,अररिया।
फारबिसगंज थाना क्षेत्र के समौल-मानिकपुर पथ पर माधव चौक समौल नहर पुल के पास सड़क दुर्घटना में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील ततमा (पिता: सुरेंद्र ततमा, निवासी: नवटोली, औराही हिंगना, थाना सिमराहा, जिला अररिया) के रूप में हुई है।
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि सुनील अपने रिश्तेदार के घर फारबिसगंज थाना क्षेत्र के खैरखां में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटने के दौरान मानिकपुर-समौल मार्ग पर रमई माइनर पुल के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह राहगीरों ने देखा शव, परिजनों में मचा कोहराम
सुबह राहगीरों ने जब पुल के नीचे एक युवक को गिरा हुआ देखा तो हंगामा मच गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने के बाद शव की पहचान परिजनों ने सुनील कुमार ततमा के रूप में की। मृतक के परिवार में उनकी एक वर्षीय पुत्री भी है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर दहाड़ें मारकर रोने लगे, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
हादसे से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
उक्त पुल पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। बताया जाता है कि इस पुल पर सड़क दुर्घटना में यह पांचवीं मौत है, जिससे स्थानीय लोग बेहद आक्रोशित थे।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह अन्य पुलिस अधिकारियों व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर पुल के दोनों ओर ब्रेकर लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेज दिया।
गणमान्य लोगों ने पीड़ित परिवार को दी सांत्वना
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष व पूर्व जिला परिषद सदस्य दिलीप पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय झा, सरपंच बबलू मंडल, मुखिया प्रतिनिधि उद्यानंद मंडल, पंचायत समिति सदस्य तबरेज आलम, पैक्स अध्यक्ष जमुना भगत सहित अन्य गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।
