• Sat. Sep 13th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

पिकअप की ठोकर से बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल।

सारस न्यूज़, अररिया।

नगर थाना क्षेत्र के अररिया-रानीगंज हाईवे 327ई पर मंगलवार की शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो राजमिस्त्रियों को पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा गिरिहिंडा स्थित टाटा मोटर्स और टीवीएस शोरूम के सामने हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों राजमिस्त्री बाइक पर सवार होकर अररिया आरएस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी और घटनास्थल से फरार हो गया। हादसे में एक राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचल गया था।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

अस्पताल में मौजूद परिजनों ने मृतक की पहचान इजमामूल हक (पिता मोहम्मद अफजल) के रूप में की। वह अररिया आरएस थाना क्षेत्र के चंद्रदेई, वार्ड संख्या 08 का निवासी था। घायल व्यक्ति की पहचान मोहम्मद इरशाद के रूप में हुई। दोनों राजमिस्त्री थे और काम समाप्त कर चंद्रदेई स्थित अपने घर लौट रहे थे।

इस दर्दनाक हादसे से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार पिकअप वाहन की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *