• Thu. Sep 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिहार के ईशान किशन ने दोहरा शतक जड़ कर रचा इतिहास, माँ थी खिलाफ, पिता-भाई ने दिया साथ, शहर छोड़ने के निर्णय ने पहुंचाया बुलंदियों पर।

सारस न्यूज, किशनगंज।

बिहार के लाल और भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच में दोहरा शतक जड़ कर इतिहास रच दिया। यह कमाल करने वाले बाएं हाथ के ओपनर ईशान किशन दुनिया के सातवें और भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्हें कप्तान रोहित शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने इस मौके का दोनों हाथों से पकड़ा और 126 गेंदों में डबल सेंचुरी लगाकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। हालांकि, यहां तक पहुंचने से पहले ईशान किशन ने लंबा संघर्ष किया है।

पटना में जन्म, औरंगाबाद से है गहरा नाता।

ईशान किशन का जन्म 18 जुलाई 1998 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। उनके पिता प्रणव कुमार पांडेय पेशे से एक बिल्डर हैं। ईशान का बिहार के औरंगाबाद जिले से भी गहरा नाता है। ईशान का पैतृक निवास औरंगाबाद जिले के दाउदनगर अनुमंडल अंतर्गत गोरडीहा गांव में है। वहीं ईशान की दादी सावित्री सिन्हा नवादा में सिविल सर्जन थीं। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने नवादा में ही अपना आशियाना बना लिया। हालांकि, ईशान के माता-पिता पटना में ही रहते हैं।

07 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना किया शुरू

ईशान को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था। सात साल की उम्र से ईशान किशन ने मैदान की ओर से कदम बढ़ाया, तो शायद ही किसी ने सोचा होगा कि वे कभी इस मुकाम तक पहुंचेंगे। उनके बड़े भाई राज किशन भी क्रिकेट खेलते हैं। क्रिकेट को कैरियर बनाने के लिए उन्होंने ईशान किशन का भरपूर साथ दिया। हालांकि, मां बेटे के क्रिकेट खेलने को लेकर काफी चिंता में रहती थी। मां सुचित्रा सिंह बेटे को पढ़ाना चाहती थी। क्योंकि क्रिकेट के कारण ईशान पढ़ाई से दूर हो रहे थे। पढ़ाई में कमजोर होने के कारण एक बार तो उन्हें स्कूल से भी निकाल दिया गया था।

 कोच के विश्वास ने पहुंचाया शिखर पर

एक तरफ मां की डांट थी, तो दूसरी तरफ पिता प्रणव पांडेय व बड़े भाई राज किशन का प्रोत्साहन। फिर कोच संतोष कुमार का साथ मिला, जिन्होंने ईशान की काबिलियत को किसी जौहरी की तरह तराशा। उन्होंने ईशान को शहर छोड़ने की सलाह दी, ताकि वे उच्च स्तर पर खेलने के लिए तैयार हो सके। मां इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थी, लेकिन बेटे की जिद के आगे उन्होंने भी अनुमति दे दी।

बिहार में नही मिला मौका तो किया झारखंड का रुख

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन और बीसीसीआई के बीच पंजीकरण के मुद्दों के कारण ईशान अपने राज्य की तरफ से नहीं खेल सके। अपने कोच के कहने पर उन्होंने पड़ोसी राज्य झारखंड के लिए खेलना शुरू किया। ईशान भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को अपना आदर्श मानते हैं।

आईपीएल 2022 के बने सबसे महंगे खिलाड़ी

ईशान किशन ने मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अपना पहला मैच खेला। इससे पहले उन्होंने अंडर-19 विश्व कप के लिए बतौर कप्तान भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी किया है। वह घरेलू क्रिकेट में झारखंड और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के लिए भी खेलते हैं। ईशान किशन इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *