सारस न्यूज, किशनगंज।
ठाकुरगंज नगर में आगामी नगर निकाय चुनाव को ले त्रुटिहीन मतदाता सूची बनाने के लिए बीडीओ सुमित कुमार की मौजूदगी में प्रखंड कार्यालय के सभागार कक्ष में नगर से संबंधित बुथ लेबल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ सह रिवाइजिंग अथॉरिटी पदाधिकारी (नगरपालिका) सुमित कुमार ने बीएलओ को स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए शत प्रतिशत त्रुटिहीन मतदाता सूची बनाने में जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य है। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शनिवार को नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड नंबर एक से 12 तक की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित करा दिया गया है। साथ ही आम लोगों की जानकारी के लिए इसे सभी संबंधित स्थानों पर चस्पा किया गया है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए सभी दावा प्रपत्र-दो में तथा सूची में दर्ज नाम के खिलाफ सभी आपत्तियां प्रपत्र-तीन में 10 जून तक दायर कर दावा आपत्ति की जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची प्रारूप आम लोगों के निरीक्षण एवं जानकारी के लिए ठाकुरगंज नगर पंचायत कार्यालय, रिवाइजिंग अथॉरिटी पदाधिकारी (नगरपालिका) सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ठाकुरगंज के कार्यालय, रिवाइजिंग अथॉरिटी पदाधिकारी (नगरपालिका) सह अंचलाधिकारी ठाकुरगंज के कार्यालय, संबंधित वार्ड के थाना एवं डाकघर स्थलों पर प्रकाशित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्राप्त दावा-आपत्ति का निष्पादन 4 से 16 जून तक किया जाएगा। इसके बाद 23 जून को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
वहीं इस बैठक में बीएलओ सरोज कुमार, जयंत दत्ता, प्रदीप पासवान, पुनित कुमार, धनंजय कुमार, अरुण कुमार रमन, अशोक मंडल, धनंजय सिंह, धीरज रंजन प्रसाद, राजीव पासवान, हैदर अली अंसारी आदि बीएलओ मौजुद थे।
