सारस न्यूज, किशनगंज।
गुरुवार को देर रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा ठाकुरगंज बाजार में सीमेंट व सरिया के दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने के सन्दर्भ में थानाध्यक्ष ठाकुरगंज के आग्रह पर 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के कमान्डेंट के निर्देशानुसार श्वान दस्ते द्वारा घटना स्थल पर जाकर खोजबीन की गई। खोजी श्वान (लिबा) ने चोरों के अपनाये गए रास्तों को ट्रैक किया और चोरी में प्रयुक्त टिन काटने की कैंची को ढूँढ निकाला, परन्तु चोरों का पता नहीं चल पाया। वैसे तो श्वान सीमाओं पर अपने कामों को बखूबी अंजाम देते ही हैं, साथ ही वह चोरी जैसी घटनाओं में भी अपनी भूमिका को बखूबी अंजाम देता है। लिबा बेल्जियम शेफर्ड नस्ल का श्वान है जिसे मुख्य रूप से खोजी श्वान के रूप में ही रखा गया है जो मानव शरीर से निकले सेल्स की गंध से उसे ढूँढ निकालने में माहिर है। चोरी, मर्डर, गुम हुई कोई भी वस्तु की गंध हो या अदृश्य पदचिन्ह लिबा इसे बहुत अच्छे से भांप लेता है और उसे ढूँढ निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ता। वहीं चोरी की उक्त घटना के बाद एसएसबी एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जांच की कार्रवाई जारी है।
थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि चोरी की उक्त घटना को अंजाम देने वाले बहुत जल्द सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे। ठाकुरगंज पुलिस एसएसबी के श्वान दस्ते की मदद से कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई हैं। चोर कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस बहुत जल्द उसे ढूंढ निकालेगी। वहीं उन्होंने संपन्न लोगों को अपने संस्थानों पर चोरी की घटना पर अंकुश लगाने हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी ताकि चोरों की पहचान कर उसे कानूनी सजा दी जा सके।
