सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
आज दिनांक 11.09.24 को 19वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज के कमांडेंट, श्री स्वर्णजीत शर्मा द्वारा वाहिनी के वीर शहीद लांस नायक श्री अर्जुन दास की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनकी शहादत को नमन किया गया। भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में माननीय कमांडेंट महोदय ने शहीद कार्मिक की तस्वीर पर पुष्पचक्र एवं माला चढ़ाकर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात विशेष सम्मान गार्ड द्वारा शहीद के सम्मान में शोक शस्त्र की कार्यवाही कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, तथा दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर से प्रार्थना की गई। तत्पश्चात वाहिनी के सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं समस्त बलकार्मिकों ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर वीर शहीद को नमन किया।
कमांडेंट, श्री स्वर्णजीत शर्मा ने बताया कि शहीद लांस नायक श्री अर्जुन दास, श्री जोगेंद्र चंद दास एवं श्रीमती सुभद्रा बाला दास के पुत्र थे, और वे पश्चिमी गोकुलनगर, डाकघर पश्चिमी गोकुलनगर, वाया-सेकेर्टोक, जिला पश्चिमी त्रिपुरा, त्रिपुरा राज्य के निवासी थे। दिनांक 11.09.2002 को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के यह वीर जवान जम्मू एवं कश्मीर क्षेत्र में राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार मोहम्मद यूसुफ भट्ट को सुरक्षा प्रदान करते समय आतंकवादियों द्वारा लगाये गए घात में फंस गए। आतंकवादियों से वीरता से लड़ते हुए, उनके सिर पर गोली लगने से वीरगति को प्राप्त हो गए।
इस वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान के लिए 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज शहीद लांस नायक श्री अर्जुन दास को नमन करती है। कमांडेंट महोदय ने कहा कि यह बल और उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता, लेकिन उनकी शहादत को याद कर हम उन्हें हमेशा याद करते रहेंगे।
इस क्रम में, वाहिनी द्वारा शहीद के पैतृक गांव में विशेष वाहक भी भेजा गया है, जो उनके परिवार के साथ उनकी पुण्यतिथि में शरीक होकर उनके उत्तराधिकारियों को वाहिनी का सहयोग और सम्मान महसूस कराएगा। इस मौके पर शहीद के परिवारजनों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट श्री एम. ब्रोजेन सिंह, निरीक्षक शंकर मंडल, निरीक्षक बीजेन्द्र कुमार ठाकुर सहित बल के अन्य अधीनस्थ अधिकारीगण और समस्त बलकार्मिक उपस्थित थे।
