विशेष संवाददाता, सारस न्यूज़, दार्जिलिंग।
खोरीबाड़ी : गुरुवार को खोरीबाड़ी तृणमूल युवा कांग्रेस की ओर से खोरीबाड़ी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। तृणमूल कांग्रेस के अंचल युवा अध्यक्ष प्रदीप मंडल ने कहा कि बाबा साहब के दिखाये रास्ते पर चल कर ही समता मूलक समाज की स्थापना की जा सकती है। बाबा साहब जीवन पर्यन्त समाज को एक डोर में बांधने के लिये संकल्पित रहे। उन्होंने देश और दुनिया को रास्ता दिखाने का काम किया। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान को रचने में बाबा साहेब का बड़ा योगदान रहा है। यह उन्हीं की देन है आज हमारा देश अखंड भारत चलाता है। वह न सिर्फ संविधान के रचयिता थे, बल्कि समय-समय पर उनके द्वारा लोक हित और समाज उत्थान के कई कार्य किए गए। बाबा साहेब एक सच्चे समाज सुधारक थे। बाबा साहेब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वे हमेशा दबे-कुचले लोगों के हक की लड़ाई लड़ते रहे। उन्होंने सभी से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस मौके पर राजू साहा, डलिया चंद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।