• Sun. Sep 14th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

छात्रों पर लाठीचार्ज और आरजी कर घटना के विरोध में 12 घंटे के बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरी भाजपा कार्यकर्ता।

सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या को लेकर पूरे देशभर में आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। डॉक्टर अपनी सुरक्षा की मांग कर रहे हैं और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवाज़ उठाई जा रही है।

इस बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों के नवान्न अभियान में पुलिस के साथ हुई हिंसक झड़प, और डॉक्टर के साथ दरिंदगी और हत्या के विरोध में भाजपा ने बुधवार को 12 घंटे के बंद का आह्वान किया। बंद को सफल बनाने के लिए विभिन्न जगहों पर भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं।

भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू भी बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें देखकर “गो बैक” के नारे लगाए, जिससे फांसीदेवा में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के निर्देशानुसार, भाजपा विधायक और नेता सुबह से ही बंद को सफल बनाने के लिए सड़कों पर उतरे थे। इसी के तहत फांसीदेवा के विधाननगर में भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू बंद के समर्थन में विधाननगर बाजार पहुंचे, जहां तृणमूल कार्यकर्ताओं ने “गो बैक” के नारे लगाए। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।

घटना के बाद भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू ने आरोप लगाया कि उन्हें रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि तृणमूल ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए बंद को नकारा है और बाजार खुले हैं। वाहनों की आवाजाही भी सामान्य है। तृणमूल नेताओं का कहना है कि लोग “गो बैक” के नारे इसलिए लगा रहे हैं क्योंकि भाजपा विधायक सड़क पर नजर नहीं आते हैं।

विधायक दुर्गा मुर्मू ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को बंगाल में छात्रों के राज्य सचिवालय मार्च (नवान्न अभियान) के दौरान पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जिससे दर्जनों छात्र घायल हुए और 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके विरोध में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया गया है। साथ ही, इस बंद के माध्यम से आरजी कर कांड में संलिप्त सभी दोषियों को कठोर सजा दिलाने और अस्पतालों तथा समाज में महिला सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की गई है।

बताते चलें कि मंगलवार को छात्रों के नवान्न अभियान में पुलिस लाठीचार्ज और कोलकाता में जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या के विरोध में प्रदेश भाजपा ने 12 घंटे के बंगाल बंद का आह्वान किया था। आरजी कर घटना को लेकर पूरे देश और डॉक्टरों में भी आक्रोश चरम पर है। सभी पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *