सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: भाजपा नक्सलबाड़ी मंडल की ओर से बुधवार को तृणमूल युवा नेता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक विरोध रैली निकाली गई। यह रैली पार्टी कार्यालय से शुरू होकर पानीघाटा होते हुए नक्सलबाड़ी बाजार के विभिन्न हिस्सों का परिक्रमा करने के बाद नक्सलबाड़ी थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी क्षेत्र के विधायक आनंदमय बर्मन, नक्सलबाड़ी मंडल अध्यक्ष साधन चक्रवर्ती समेत अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस संबंध में साधन चक्रवर्ती ने बताया कि 6 फरवरी को नक्सलबाड़ी बस स्टैंड से सटे इलाके में तपन पाल नामक दुकानदार अपनी दुकान चला रहा था। उसी समय युवा तृणमूल कांग्रेस दार्जिलिंग जिला के महासचिव पार्थसारथी मुखर्जी ने बिना पैसे दिए सिगरेट न मिलने पर दुकान में तोड़फोड़ की। इसके बाद दुकानदार द्वारा थाना में मामला दर्ज कराने के बावजूद आरोपित फरार चल रहा है। इसलिए आरोपित तृणमूल नेता की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है तो आम जनता के साथ मिलकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
विधायक आनंदमय बर्मन ने कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे बंगाल में हो रही हैं। पुलिस को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद तृणमूल नेता थाने पहुंचकर आरोपितों को छुड़ाकर ले जा रहे हैं। लोग इसके खिलाफ सड़क पर उतरेंगे।
