सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन खोरीबाड़ी थाना अंतर्गत पानीटंकी चौकी पुलिस ने बुधवार रात 102 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित का नाम रोहित राय (26) है, जो पड़ोसी देश नेपाल के झापा जिले के भद्रपुर का निवासी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पानीटंकी चौकी प्रभारी अमृत लबर के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बद्राजोत स्थित मेची घाट इलाके में नेपाल जा रहे उक्त आरोपित को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 102 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित ब्राउन शुगर पानीटंकी से नेपाल लेकर जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस आरोपी को खोरीबाड़ी थाना ले गई, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। गुरुवार को आरोपित को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
इस मौके पर खोरीबाड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार वैद्य, पानीटंकी चौकी प्रभारी अमृत लबर और एसआई गौतम दास समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।
