सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: गुरुवार को माकपा खोरीबाड़ी–बुढ़ागंज एरिया कमेटी की ओर से मतदाता सूची में कई वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने और संदेह के दायरे में रखे गए मतदाताओं के मुद्दे को लेकर सात सूत्री मांगों के संबंध में खोरीबाड़ी बीडीओ दीप्ति साव को ज्ञापन सौंपा गया।
इससे पहले एक रैली निकाली गई। इसके बाद खोरीबाड़ी बीडीओ कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस मौके पर माकपा राज्य कमेटी के सदस्य गौतम घोष, खोरीबाड़ी–बुढ़ागंज एरिया कमेटी के सचिव बादल सरकार, माकपा जिला कमेटी के सदस्य आबू मन्नान, रामकुमार छेत्री और खोरीबाड़ी लोकल कमेटी के सदस्य मिंटू जायसवाल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
गौतम घोष ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि असली वोटरों के नाम किसी भी तरह से मतदाता सूची से न छूटें। एक साफ-सुथरी वोटर लिस्ट बनाने के नाम पर राज्य में वोटर टेरर को रोका जाना चाहिए। यदि आवश्यक हो तो बीएलओ के जरिए पोलिंग स्टेशन पर प्रिंटिंग की गलतियों को ठीक किया जाए।
बच्चों के मामले में माता-पिता और गार्जियन के स्रोत को सही माना जाए। एआई के जरिए गलत जानकारी को ठीक करने की व्यवस्था को रद्द किया जाए। जिन मतदाताओं के नामों पर विचार चल रहा है या जिनका मामला ट्रायल में है, उनके नाम जल्द अंतिम रूप से तय कर पूरी मतदाता सूची जारी की जाए।
साथ ही रद्द किए गए मतदाताओं के दोबारा पंजीकरण के लिए आसान प्रक्रिया अपनाई जाए और उनके नाम फिर से मतदाता सूची में दर्ज करने की मांग को लेकर खोरीबाड़ी बीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया।
