• Sat. Feb 21st, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

खोरीबाड़ी में दो करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर जब्त, दक्षिण दिनाजपुर का तस्कर गिरफ्तार।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

सिलीगुड़ी: एक कहावत है—पुलिस डाल-डाल तो चोर पात-पात। मादक पदार्थ तस्करों ने इस कहावत को एक बार फिर चरितार्थ करने की कोशिश की, लेकिन इस बार पुलिस ने समय रहते उन्हें दबोच लिया।

मंगलवार देर शाम मादक पदार्थ तस्कर पार्सल बैग में एक सौ ग्राम के ब्राउन शुगर के कुल 10 पैकेट लेकर गंतव्य की ओर जा रहा था। इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में सफल होता, दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन खोरीबाड़ी थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के डुमरिया इलाके में उसे रोका। तलाशी के दौरान उसके पार्सल बैग से 10 पैकेट ब्राउन शुगर बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट में 100 ग्राम ब्राउन शुगर था, जिससे कुल वजन एक किलो निकला। इसके बाद मौके से ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपित की पहचान सुजीत हांसदा के रूप में हुई है। वह दक्षिण दिनाजपुर जिले के तपन थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। आरोपित पार्सल डिलीवरी का काम करता है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पार्सल बैग में केवल ब्राउन शुगर ही रखा गया था। बताया जा रहा है कि तस्कर पार्सल की आड़ में ब्राउन शुगर की डिलीवरी पड़ोसी राज्य बिहार और खोरीबाड़ी के सीमावर्ती इलाकों में करने वाला था, लेकिन पुलिस ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

जब्त किए गए एक किलो ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि आरोपित लंबे समय से पार्सल की आड़ में ब्राउन शुगर की तस्करी करता आ रहा था।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार को आरोपित को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।

क्या कहते हैं एसपी

इस संबंध में दार्जिलिंग जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण प्रकाश ने कहा कि यह खोरीबाड़ी पुलिस की बड़ी कामयाबी है। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग जिला पुलिस लगातार अभियान चला रही है और मादक पदार्थ कारोबारियों को जेल भेज रही है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *