सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी : नक्सलबाड़ी ब्लॉक-2 तृणमूल कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को रसोई गैस सिलेंडर को लेकर आम लोगों को परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान गैस बुकिंग कार्यालय के सामने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
इसके बाद रसोई गैस के लिए लाइन में खड़े उपभोक्ताओं को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पानी और बिस्कुट भी प्रदान किए।
तृणमूल कार्यकर्ताओं ने कहा कि आम लोगों को लगातार परेशान किया जा रहा है। पहले एसआईआर की लाइन में खड़ा किया गया और अब रसोई गैस के लिए भी लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मनमानी कर रही है और इसके खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं इस संबंध में माटीगाड़ा–नक्सलबाड़ी के भाजपा विधायक आनंदमय बर्मन ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हमेशा ऐसे ही झूठे आरोप लगाते रहते हैं। वे गैस को लेकर उपभोक्ताओं में घबराहट पैदा कर रहे हैं और कालाबाजारी करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि गैस को लेकर जनता घबराए नहीं। उपभोक्ताओं में घबराहट फैलाने और गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
